कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
हाईकोर्ट के निर्देश पर यातायात पुलिस सख्त: स्लीपर बसों की हुई सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों को परखा
फायर एक्सटिंग्यूशर, इमरजेंसी गेट और ADAS सिस्टम की हुई जांच; चालकों का हुआ ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट, खामियां मिलने पर हुई कार्रवाई।

कानपुर देहात। स्लीपर बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बाद कानपुर देहात यातायात पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। यातायात निदेशालय यूपी के निर्देशानुसार, 4 और 5 नवंबर की रात जिले से गुजरने वाली सभी स्लीपर बसों की सघन चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
इन सुरक्षा मानकों की हुई बारीकी से जांच: अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े हर पहलू को बारीकी से परखा। मुख्य रूप से बसों में फायर एक्सटिंग्यूशर (अग्निशमन उपकरण), ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) और इमरजेंसी गेट की उपलब्धता व कार्यशीलता चेक की गई। इसके अलावा ड्राइवर-कंडक्टर के लाइसेंस की जांच, चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट (नशे की जांच) और बसों में ज्वलनशील व संदिग्ध वस्तुओं की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें इमरजेंसी गेट और आपातकालीन स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक भी किया।
नियम तोड़ने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई: यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चेकिंग के दौरान जिन बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में प्रतिदिन रात के समय स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की यह सघन चेकिंग नियमित रूप से जारी रहेगी।



