कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
सट्टी पुलिस ने जुए के फड़ पर मारा छापा, सात जुआरी गिरफ्तार
जयशंकर भट्ठा के पास हार-जीत की बाजी लगाते रंगे हाथों दबोचे, 11 हजार से अधिक नकदी बरामद

सट्टी, अमन यात्रा लाइव: Kanpur Dehat पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना सट्टी पुलिस ने शनिवार को जुआरियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गिरधरपुर गांव के समीप जयशंकर भट्ठा से करीब 200 मीटर पहले छापा मारकर हार-जीत की बाजी लगा रहे जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ और अभियुक्तों की जामा तलाशी से कुल 11,210 रुपये की नकदी बरामद की है।
थाना प्रभारी सट्टी कालीचरन कुशवाहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, प्रबल प्रताप सिंह, यशस्वी, विवेक कुमार और अश्वनी कुमार जहांगीरपुर चौराहे पर चेकिंग ड्यूटी में तैनात थे, तभी गिरधरपुर के पास जुआ संचालित होने की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। पुलिस बल ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से नौबादपुर निवासी योगेंद्र सिंह, सलेमपुर निवासी सलमान, गिरधरपुर निवासी रमेश, विकास व तारिक, साहबापुर निवासी चंद्रपाल और जलपुरा निवासी ओकेंद्र सिंह यादव को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान फड़ से 4,610 रुपये तथा अभियुक्तों की व्यक्तिगत तलाशी से 6,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को जब्त कर सभी आरोपियों को थाने लाकर विधिक अभिरक्षा में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए सभी सात अभियुक्तों के विरुद्ध सार्वजनिक जुआ अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की सुसंगत प्रक्रियाओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध सट्टा, जुआ या किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और संबंधित कानूनों के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



