कानपुर देहात : दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने वाला ‘जालिम’ पति गिरफ्तार, बरौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मृतका के पिता की तहरीर पर ससुर, सास समेत 4 पर दर्ज हुआ था केस।

कानपुर देहात: जनपद में महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत बरौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दहेज के लिए अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
यह मामला 29 अप्रैल 2026 को प्रकाश में आया था, जब मृतका के पिता रामशंकर निवासी ग्राम सैंथा (गजनेर) ने थाना बरौर में तहरीर दी थी। आरोप था कि सरवर नीर उर्फ साहब लाल और उसके परिजनों ने दहेज की खातिर उनकी बेटी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, ससुर, सास और चचिया ससुर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को सटीक सूचना के आधार पर मदनपुर मोड़ के पास स्थित मंदिर के पास से मुख्य अभियुक्त सरवर नीर को दबोच लिया। पुलिस अब मामले के अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
ये भी पढे- भाजपा को बड़ा झटका: पूर्व जिला उपाध्यक्ष अवधेश कोरी सैकड़ों समर्थकों संग बसपा में शामिल


