कानपुर देहात में पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्या के प्रयास में वांछित आरोपी गिरफ्तार
ऑटो चालक पर चाकू और लाठी-डंडों से किया था हमला, मंगलपुर पुलिस ने भेजा जेल

मंगलपुर (कानपुर देहात)। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को कस्बा स्थित पाठक की आटा चक्की के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला 17 जून 2026 की रात का है, जब पुरानी बाजार निवासी ऑटो चालक चांदबाबू पर पुराने विवाद को लेकर कस्बा मंगलपुर में जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि अभियुक्त प्रद्युम्न प्रताप सिंह और उसके साथियों ने ऑटो रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों व धारदार चाकू से वार कर दिया, जिससे पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस गाड़ी की सायरन सुनकर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले थे।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। उपनिरीक्षक डोरीलाल, रिक्रूट आरक्षी रमन यादव और भीम की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नामजद 19 वर्षीय अभियुक्त प्रद्युम्न प्रताप सिंह को धर दबोचा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायालय भेजा गया



