राष्ट्रीय आविष्कार अभियान: ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्रा कविता नायक को मिला 3000 रुपये का पुरस्कार
कक्षाध्यापक अंकुर पुरवार ने छात्रा को निडर होकर लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मलासा, कानपुर देहात। न्याय पंचायत मुंडेरा के अंतर्गत संविलियन विद्यालय सिथरा बुजुर्ग की होनहार छात्रा कविता नायक ने राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ब्लॉक स्तर पर मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में चयनित होने पर छात्रा को प्रोत्साहन स्वरूप 3000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कक्षा 7 की छात्रा कविता की इस उपलब्धि पर विद्यालय में हर्ष का माहौल है। पुरस्कार वितरण के दौरान कक्षाध्यापक अंकुर पुरवार ने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह सफलता तुम्हारी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने छात्रा को भविष्य में भी इसी तरह निडर होकर आगे बढ़ने और अपनी गलतियों से सीखते हुए सपनों की ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणा दी।
इस गौरवपूर्ण क्षण के अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक विकास कटियार, गरिमा दीक्षित, निकिता मिश्रा, आकांक्षा गौतम, अनुराधा और शिक्षामित्र टीना द्विवेदी मौजूद रहीं। इसके अलावा छात्रा के अभिभावक सुल्तान सिंह नायक और समाजसेवी सत्यवान नायक ने भी विद्यालय पहुंचकर अपनी खुशी जाहिर की।



