मंगलपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, फैली सनसनी
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव के पास जंगल में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से लटकता मिला।घटना से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

- आत्महत्या की आशंका
- परिजनों में मचा कोहराम
मंगलपुर।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव के पास जंगल में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से लटकता मिला।घटना से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतक की पहचान पदमपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामस्वरूप के 25 वर्षीय पुत्र अरविंद उर्फ कल्लू के रूप में हुई है।मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी,मां लज्जा देवी और दो छोटे भाई विकास व धर्मेंद्र को छोड़ गया है।परिजनों के मुताबिक अरविंद नशे का आदी था और करीब डेढ़ साल पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से घर पर ही रह रहा था।शनिवार दोपहर वह नशे की हालत में घर से निकला था,जिसके बाद वापस नहीं लौटा।परिजनों ने रात भर तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर जंगल में बबूल के पेड़ से रस्सी के सहारे शव लटका देखा।घटना की जानकारी होने पर परिजन और इलाकाई लोग मौके पर पहुंचे।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की।घटना की संदिग्धता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।मामले की छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



