कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: ससुराल गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत, मां ने बहू समेत मायके वालों पर लगाया जहर देकर मारने का आरोप

हाईवे किनारे अचेत हालत में मिला था युवक, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

रनियां। रनिया थाना क्षेत्र के बंजारीताला गांव में ससुराल गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की मां ने बहू समेत उसके मायके पक्ष के चार लोगों पर मारपीट करने और जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है।
कानपुर के सचेंडी के छत्तापुरवा मजरा नकटू, निवासी पुष्पा देवी के अनुसार उनके पुत्र प्रदीप सिंह की शादी 14 मार्च 2026 को रनियां के बंजारीताला गांव निवासी ज्योति के साथ हुई थी।

आरोप है कि शादी के करीब एक माह तक दोनों के बीच पारिवारिक जीवन ठीकठाक चलता रहा। इसके बाद पति-पत्नी के बीच वाद -विवाद होने लगा। बहू पर परिवार से अलग रहने का दबाव बनाने और आए दिन गाली-गलौज व झगड़ा करने का आरोप लगाया गया है। 19 अगस्त की सुबह ज्योति अपने भाई सुनील और बहनोई पप्पू के साथ मायके बंजारीताला चली गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद उसी दिन प्रदीप भी ससुराल जाने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर प्रदीप को जहरीला पदार्थ खिलाकर मवई मुक्ता मुगीसापुर के पास हाईवे किनारे छोड़ दिया गया।

बताया कि ज्योति ने प्रदीप के बड़े भाई दिलीप सिंह को फोन कर बताया कि प्रदीप अकबरपुर के पास हाईवे पर जहरीला पदार्थ पीने के बाद उल्टी कर रहा है। इस पर दिलीप ने प्रदीप के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन, संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बताया कि दिलीप सिंह, चचेरे भाई सुनील सिंह, अभिषेक और संजय आदि ने खोजबीन की, प्रदीप मवई मुक्ता के पास हाईवे किनारे मृत अवस्था में मिला। राहगीरों की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन उसे जिला अस्पताल अकबरपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की मां पुष्पा देवी ने बहू ज्योति, उसके बहनोई पप्पू पुत्र लाल सिंह तथा भाई सुनील व जयदीप पुत्र सुभाष के खिलाफ रनियां थाना में तहरीर दी है। इस संबंध में एसओ रनिया दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद घटना की सही वजह सामने आ सकेगी। मामला रनिया थाना क्षेत्र का नहीं है।

 

 


ये भी पढे- कानपुर देहात: कस्तूरबा गांधी विद्यालय गौर की बेटियों ने रचा इतिहास: प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी में हासिल किया तीसरा स्थान, रजनी का राष्ट्रीय टीम में चयन


 

Related Articles

AD
Back to top button