राजेश कटियार,दिल्ली/कानपुर देहात। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) के 22वें संस्करण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से चूके उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है। बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के अनुसार पात्र उम्मीदवारों को आवेदन करने का एक और अवसर प्रदान करते हुए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल को फिर से खोल दिया गया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 अगस्त 2026 से 1 सितंबर 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
सीबीएसई द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के एक हालिया फैसले के मद्देनजर लिया गया है। कोर्ट ने पात्र शिक्षकों को वैधानिक आवश्यकताओं के अनुसार निर्धारित टेट योग्यता प्राप्त करने के लिए उचित और पर्याप्त अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
इसी निर्देश को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने व्यापक छात्र हित में आवेदन विंडो को दोबारा खोलने का फैसला किया है ताकि जो उम्मीदवार पिछली समय-सीमा में फॉर्म नहीं भर पाए थे, वे इस मौके का लाभ उठा सकें। बोर्ड ने साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले 11 मई 2026 से 10 जून 2026 के बीच ही अपना आवेदन सफलतापूर्वक पूरा और सबमिट कर दिया है उन्हें दोबारा आवेदन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस 22वें संस्करण की संशोधित परीक्षा तिथि की घोषणा आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद अलग से की जाएगी। गौरतलब है कि बोर्ड अब तक सीटेट के कुल 21 संस्करण आयोजित कर चुका है जिसके आखिरी संस्करण का परिणाम 30 मार्च 2026 को घोषित किया गया था।
ये भी पढे- यूपी के सरकारी स्कूलों में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मिलेंगे स्मार्ट आईडी कार्ड


