कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अमरौधा में एचडीएफसी बैंक ‘परिवर्तन’ प्रोजेक्ट का आगाज, ग्रामीण विकास को लगेंगे पंख

एस एम सहगल फाउंडेशन के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि पर रहेगा मुख्य फोकस।

सुनीत श्रीवास्तव, कानपुर देहात के अमरौधा ब्लॉक में ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक नई शुरुआत हुई है। एचडीएफसी बैंक द्वारा एस एम सहगल फाउंडेशन के सहयोग से अपनी सीएसआर पहल ‘परिवर्तन’ प्रोजेक्ट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस परियोजना का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के गांवों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के स्तर को उन्नत करना है।

शासन और बैंक अधिकारियों का मिला साझा मंच

समारोह में शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत कर विकास कार्यों में तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद, सीडीपीओ सुनीता कटियार, कृषि विकास अधिकारी डॉ. बलवीर प्रजापति, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदलाल कुशवाहा और खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर कांत ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक शारिक इकबाल ने बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

प्रोजेक्ट विजन और डिजिटल प्रस्तुतीकरण

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एस एम सहगल फाउंडेशन के कार्यक्रम नेतृत्व अखिलेश शर्मा ने प्रोजेक्ट की आगामी रणनीति साझा की। इस दौरान प्रशांत शुक्ला ने डॉक्यूमेंट्री और पीपीटी के माध्यम से पूर्व के सफल कार्यों का प्रदर्शन किया, जिससे ग्रामीणों को इस प्रोजेक्ट से होने वाले सकारात्मक बदलावों की स्पष्ट जानकारी मिली। समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए आयोजित “चित्र पहचान” खेल के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

सामुदायिक सहयोग से बदलेगी गांवों की सूरत

इस महत्वपूर्ण अवसर पर अमरौधा ब्लॉक के 15 गांवों से लगभग 80 ग्रामीण और स्थानीय ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। फाउंडेशन की टीम से प्रशांत शुक्ला, शिव ओम प्रकाश, हर्षित, बृजेश और शिवांगी ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें प्रोजेक्ट के लाभ बताए। कार्यक्रम का समापन आकांक्षा मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने स्थायी विकास के माध्यम से ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता सुधारने का संकल्प दोहराया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात में महिला ने खाया जहरीला पदार्थ,हालत गंभीर 

Related Articles

AD
Back to top button