दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत
रविवार रात एक दुखद घटना में झांसी से कानपुर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 9:10 बजे राठ रोड पुल से ट्रेन के गुजरने के दौरान हुआ।

- राठ रोड पुल पर हुई घटना, जीआरपी शिनाख्त में जुटी
उरई, जालौन। रविवार रात एक दुखद घटना में झांसी से कानपुर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 9:10 बजे राठ रोड पुल से ट्रेन के गुजरने के दौरान हुआ।
मालगाड़ी के चालक ने तत्काल इस दुर्घटना की सूचना उरई स्टेशन पर मौजूद डिप्टी एसएस पीके निरंजन को दी। डिप्टी एसएस ने बिना देर किए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सूचित किया। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
जांच अधिकारी ईश्वर दीन साहू ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उन्होंने बताया कि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा। फिलहाल, मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, और जीआरपी द्वारा आसपास के क्षेत्रों में लोगों को जानकारी देकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



