उत्तरप्रदेशप्रयागराजफ्रेश न्यूज

भर्ती परीक्षा रद्द होने की अफवाहों पर बड़ा एक्शन: सहायक अध्यापक परीक्षा 3 व 4 दिसंबर को ही होगी, जाली लेटरहेड और हस्ताक्षर मामले में FIR

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का सख्त रुख; सोशल मीडिया पर वायरल पत्र को बताया पूरी तरह फर्जी, अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने की अपील

राजेश कटियार, प्रयागराज/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (प्रयागराज) द्वारा आयोजित होने वाली सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही तमाम अटकलों और अफवाहों पर आयोग ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। up assistant teacher exam 2026 के तहत आयोग ने स्पष्ट किया है कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा रद्द नहीं हुई है और यह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 व 4 दिसंबर 2026 को ही आयोजित की जाएगी। भ्रामक खबरें और फर्जी पत्र वायरल करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तय कार्यक्रम पर ही होगी परीक्षा, शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही परीक्षा निरस्तीकरण की खबर को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक, आधारहीन और फर्जी बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 सितंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 05/2026 के अंतर्गत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) एवं प्राथमिक शहरी पदों की लिखित परीक्षा के तय शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा पूर्व निर्धारित तिथियों 3 और 4 दिसंबर 2026 को ही शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

आयोग के लोगो, जाली लेटरहेड और हस्ताक्षर के दुरुपयोग पर FIR

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और भय का माहौल पैदा करने के लिए आयोग के लोगो (Logo), जाली लेटरहेड और उप सचिव के फर्जी हस्ताक्षरों का दुरुपयोग करके एक जाली पत्र सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस गंभीर जालसाजी और फर्जीवाड़े पर आयोग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की मदद से इस साजिश के पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर रही है।

अफवाहों से बचें, आधिकारिक वेबसाइट पर करें भरोसा

अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर तैरने वाली किसी भी अनधिकृत खबर या अफवाह पर ध्यान न दें और पूरे मनोयोग से अपनी तैयारी जारी रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी सटीक, प्रामाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए केवल और केवल उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का ही अवलोकन करें। up assistant teacher exam 2026 को लेकर आयोग पूरी तरह मुस्तैद है और परीक्षाओं का आयोजन कड़े सुरक्षा घेरे में पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।

 

 


ये भी पढे- कानपुर देहात में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज, 7 ब्लॉकों की 15.37 लाख आबादी को दवा खिलाने का लक्ष्य


 

Related Articles

AD
Back to top button