झांसीउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

झांसी में खौफनाक मोड़ पर खत्म हुई ‘जीवन साथी’ की प्रेम कहानी शादी के 14वें दिन छत से गिरकर दुल्हन की मौत

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Story Highlights
  • शादी के महज 14वें दिन मिशन कंपाउंड में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
  • दूसरी मंजिल से गिरकर प्रियंका मिश्रा ने तोड़ा दम, गोरखपुर की रहने वाली थी मृतका।
  • पति का दावा- छत की मुंडेर पर बैठकर मजाक कर रही थी पत्नी, तभी हुआ हादसा।
  • 'जीवन साथी डॉट कॉम' से शुरू हुई थी प्रेम कहानी, 28 अप्रैल को ही हुई थी शादी।

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित मिशन कंपाउंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शादी के बंधन में बंधे अभी दो हफ्ते भी पूरे नहीं हुए थे कि एक नवविवाहिता की दूसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई। मृतका प्रियंका मिश्रा (30 वर्ष) मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली थी और उसकी शादी 28 अप्रैल को झांसी के शुभम के साथ धूमधाम से संपन्न हुई थी। सोमवार को घर में चल रहे एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान प्रियंका अचानक छत से नीचे गिर गई और इलाज के दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

इस घटना को लेकर मृतका के पति शुभम का कहना है कि प्रियंका छत की मुंडेर पर पैर लटकाकर बैठी थी और मजाक कर रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गई। प्रियंका बीएड शिक्षित थी और उसके पिता कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त हैं। जानकारी के अनुसार, शुभम और प्रियंका की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले एक वैवाहिक पोर्टल (जीवन साथी डॉट कॉम) के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से इनका विवाह हुआ था।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम, सीपरी बाजार पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पति और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह रही है।


ये भी पढे-  कानपुर: बुनकरों के लिए ₹20,000 जीतने का मौका: संत कबीर पुरस्कार के लिए 18 जून तक करें आवेदन


Related Articles

AD
Back to top button