औरैया में शीतलहर का प्रकोप, स्कूलों के समय में हुआ बदलाव
अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे स्कूल

औरैया: जनपद औरैया में वर्तमान में हो रही अत्यधिक शीतलहर और कड़ाके की ठंड के फलस्वरूप बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के अनुक्रम में छात्र-हित को सर्वोपरि रखते हुए स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब छोटे बच्चों को कंपकंपाती सुबह में जल्दी स्कूल नहीं जाना होगा।
नया समय और प्रभावी तिथि प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत जनपद के समस्त बोर्डों के नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यालय अब अपने पूर्व निर्धारित समय के स्थान पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। यह नई समय सारणी 22 दिसंबर 2025 से लागू होकर अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी।
सभी स्कूलों पर लागू होगा नियम यह आदेश औरैया जिले के अंतर्गत आने वाले समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और निजी (प्राइवेट) स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय प्रबंधन इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों ने जताई खुशी भीषण कोहरे और गिरते तापमान के बीच बच्चों को सुबह जल्दी तैयार करके स्कूल भेजने में अभिभावकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन के इस संवेदनशील निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का भी मानना है कि अत्यधिक ठंड में सुबह के समय बच्चों के बीमार होने का खतरा अधिक रहता है, ऐसे में समय में बदलाव एक जरूरी कदम है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: टूटे परिवारों के लिए आशा की ‘नई किरण’, पुलिस की पहल से फिर एक हुए चार बिखरे परिवार



