कानपुर: आयरन लेडी इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती: केशव पुरम में केक काटकर दी गई श्रद्धांजलि
कर्मचारी मजदूर यूनियन ने गोष्ठी में पूर्व प्रधानमंत्री के विकास कार्यों और साहस को किया याद

कानपुर: ऑल इंडिया संगठित कर्मचारी मजदूर यूनियन के तत्वाधान में बुधवार को भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कानपुर के केशव पुरम आवास विकास में आयोजित इस समारोह में यूनियन के पदाधिकारियों ने केक काटा और एक विचार गोष्ठी के माध्यम से उन्हें याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय सिंह मर्तोलिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके जैसी आयरन लेडी का अब धरती पर दोबारा पैदा होना मुश्किल है। मर्तोलिया ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि कैसे उनके कार्यकाल में इंदिरा गांधी कैंटीन के माध्यम से मजदूरों को भोजन वितरण किया जाता था, जो एक जनहितैषी कदम था।
समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित असंगठित कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष श्याम देव सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने 1966 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने से लेकर 1977 तक और फिर 1980 में दोबारा सत्ता संभालने के बाद देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। श्याम देव सिंह ने कहा कि खाद्यान्न, विज्ञान, उद्योग और रक्षा के क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाने का जो काम इंदिरा जी ने किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र चंचल कुशवाहा ने किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर राजीव द्विवेदी, तुफैल अहमद खान, मोनू शुक्ला, के.के. तिवारी, आर ए गौतम, राकेन्द्र मोहन त्रिपाठी, हरिराम कटिहार, ओम प्रकाश वर्मा, संतोष राज भारती, उदय शंकर शुक्ला, राजेंद्र बाबू लाल, वी के सिंह और महेश वर्मा सहित कई अन्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
ये भी पढ़े- कानपुर : ‘ओ’ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई



