बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना मिशन शक्ति का प्रमुख उद्देश्य : सीडीओ
वर्तमान समय में शिक्षित और सशक्त बालिका समाज की आवश्यकता है। उक्त विचार मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने पीएमश्री विद्यालय खोजाफूल में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में रखे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान नारी को सशक्त बनाने का एक माध्यम है।

- सीडीओ की उपस्थित में राजपुर के खोजाफूल में मिशन शक्ति समागम हुआ।
कानपुर देहात। वर्तमान समय में शिक्षित और सशक्त बालिका समाज की आवश्यकता है। उक्त विचार मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन ने पीएमश्री विद्यालय खोजाफूल में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में रखे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान नारी को सशक्त बनाने का एक माध्यम है।
इसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को आत्मविश्वासी एवं आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वह अपने जीवन से जुड़े सभी फैसले स्वयं ले सकें और परिवार और समाज में सकारात्मक योगदान दें। समाज में उनके अधिकार को प्राप्त करने के लिए उन्हें सक्षम बनाना ही महिला सशक्तीकरण है। उन्होंने कहा कि आज बालिकाओं को उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी और वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना शासन की की प्रमुख प्राथमिकता है।

बालिकाओं से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने बालिकाओ से कहा कि मेहनत से पढ़ाई करें। भविष्य में डॉक्टर, जज, अध्यापक आदि विभिन्न क्षेत्रों में अपना करिअर बनाएं। सीडीओ द्वारा नोडल संकुल सैय्यद फ़रहान की संपादित पिक्टोरियल कैलेंडर डायरी का विमोचन भी किया। ग्राम प्रधान तनिष्क कटियार ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान बीईओ संजय गुप्ता, सुगमकर्ता नेहा कटियार, प्रियंका सक्सेना, स्वाति कटियार आदि उपस्थित रहे।



