कानपुर देहात: 23 दिसंबर को माती ईको पार्क में सजेगा ‘किसान सम्मान दिवस’ और जैविक मेला
जैविक मेले के माध्यम से किसानों को दी जाएगी प्राकृतिक खेती की जानकारी।

कानपुर देहात: पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आगामी 23 दिसंबर को जनपद में भव्य ‘किसान सम्मान दिवस-2025’ और जैविक मेले का आयोजन किया जा रहा है। उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने बताया कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी की अध्यक्षता में माती स्थित ईको पार्क में सुबह 11:00 बजे से आयोजित होगा।
मेले में कृषि, उद्यान, मत्स्य और पशुपालन विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टाल लगाए जाएंगे, जहाँ किसानों को विभागीय योजनाओं और नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कृषि वैज्ञानिक किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती के साथ-साथ ‘जीरो बजट खेती’ के गुर भी सिखाएंगे। इस अवसर पर कृषि और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।



