सरकारी कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक अपडेट और सत्यापित करना हुआ अनिवार्य, कार्मिक विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
अधिकारी दस्तावेजों का मिलान कर ऑनलाइन वेरिफिकेशन बटन पर क्लिक करके इसे डिजिटल रूप से सत्यापित करेंगे।

राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार के कार्मिक अनुभाग-5 ने शासनादेश जारी कर सभी सरकारी कर्मचारियों की मानव संपदा पोर्टल पर मौजूद ई-सर्विस बुक को समयबद्ध तरीके से तैयार, अपडेट और सत्यापित करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। लखनऊ से आई इस बड़ी खबर के मुताबिक राज्य के समस्त सरकारी विभागों, स्वायत्तशासी संस्थाओं और निगमों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए यह प्रक्रिया पूरी तरह अनिवार्य कर दी गई है। शासन का मानना है कि अब नियुक्ति, कार्यभार ग्रहण, कार्यमुक्ति, छुट्टियों का प्रबंधन, वेतन आहरण और सेवा से जुड़े तमाम काम मानव संपदा पोर्टल के ऑनलाइन मॉड्यूल के जरिए ही संचालित हो रहे हैं। ऐसे में यदि किसी कर्मचारी की सर्विस बुक में कोई जानकारी अधूरी या पुरानी रह जाती है, तो उसे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में भारी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ई-सर्विस बुक को अपडेट और सत्यापित करने के लिए पूरी व्यवस्था डिजिटल रूप से तय की गई है। इसके लिए संबंधित कार्यालय की एस्टैब्लिशमेंट डाटा एंट्री आईडी के जरिए मानव संपदा पोर्टल पर लॉगिन करके सर्विस बुक मेन्यू में जाना होगा। वहां कर्मचारियों की नियुक्ति, पद, वर्तमान पदस्थापना, प्रमोशन हिस्ट्री और अन्य महत्वपूर्ण सेवा विवरणों की सही फीडिंग की जाएगी। डाटा एंट्री और संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इन विवरणों की जांच ‘एस्टैब्लिशमेंट वेरिफाइंग आईडी’ से की जाएगी, जहां अधिकारी दस्तावेजों का मिलान कर ऑनलाइन वेरिफिकेशन बटन पर क्लिक करके इसे डिजिटल रूप से सत्यापित करेंगे।
शासन ने प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है कि उनके अधीन कार्यरत हर एक कर्मचारी का सेवा विवरण पोर्टल पर पूरी तरह अपडेट रहे। वहीं, राज्य के सरकारी कर्मचारियों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी सर्विस बुक में दर्ज विवरणों की तुरंत जांच कर लें, ताकि भविष्य में प्रमोशन, पेंशन, छुट्टी या वेतन संबंधी कार्यों में कोई रुकावट न आए।



