ट्यूनिंग एंड पेयरिंग कार्यक्रम में बच्चों ने मचाया धमाल
भदेसा के बच्चों ने केंद्रीय विद्यालय माती में सीखीं विज्ञान और गणित की बारीकियां

राजेश कटियार,कानपुर देहात। ट्यूनिंग एंड पेयरिंग कार्यक्रम के तहत बुधवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय माती एवं पीएमश्री कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय भदेसा मिले। इसमें बच्चों ने केंद्रीय विद्यालय का अवलोकन किया, वहां के बच्चों से संवाद किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। दोनों स्कूल के बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर धमाल मचा दिया। ट्यूनिंग और पेयरिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय भदेसा के 50 बच्चों का शैक्षिक भ्रमण पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय माती कानपुर देहात कराया गया जिसमें विज्ञान की प्रयोगशाला में विज्ञान शिक्षण एवं गणित कक्षा के शिक्षक द्वारा गणित शिक्षण कराया गया इसके पश्चात गणित पार्क में ले जाकर गणित की जटिल प्रक्रिया को आसान कर बताया गया।
लाइब्रेरी में बच्चों को शिक्षकों के द्वारा पढ़ने में रुचि बढ़ाने एवं पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने के फॉर्मूलों को बताया गया। बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल ज्ञान दिया गया एवं बच्चों के शारीरिक विकास हेतु व्यायाम खेलकूद एवं आत्मरक्षा हेतु बालक और बालिकाओं को प्रशिक्षण भी दिया गया। शिक्षकों द्वारा बच्चों की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कराई गई प्रतियोगिता में सफल बच्चों को प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देंकर प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया। सेकंड शिफ्ट में बच्चों को असेंबली में खड़ा होकर प्रार्थना सभा और योग कराया गया। प्राचार्य द्वारा पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय भदेसा के प्रधानाध्यापक जफर अख्तर, योगेंद्र कुमार सहायक अध्यापक, कमल कुमार अनुदेशक को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। भदेसा की बालिका सलोनी कक्षा 7 द्वारा कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त गतिविधियों को असेंबली मे प्रस्तुत किया गया।
प्रधानाध्यापक पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय भदेसा ने केंद्रीय विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किए गए सहयोग का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि शिक्षण गतिविधियां एवं अन्य गतिविधियां जैसे केंद्रीय विद्यालय में संचालित हैं इस प्रकार अपने विद्यालय में संचालित कर विभाग की मंशा को पूर्ण करेंगे। उन्होंने प्राचार्य तथा अन्य शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा अंत में सभा के समापन में प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय माती द्वारा सभी शिक्षकों एवं बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए बच्चों को प्रतिदिन नियमित विद्यालय आने को कहा एवं पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय भदेसा के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों से भी शिक्षण संबंधी उच्च व्यवस्थाओं में हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहने का आश्वासन दिया।
ये भी पढ़े- कक्षा एक और दो के लिए आई एनसीईआरटी आधारित आनंदमय गणित



