स्कूल चलो अभियान के तहत खंड शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष दीपाली गुड्डन सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया व स्कूल चलो अभियान के प्रथम दिवस में ही बच्चों को पाठ्य पुस्तकें भी प्रदान की गईं

कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष दीपाली गुड्डन सिंह व खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया व स्कूल चलो अभियान के प्रथम दिवस में ही बच्चों को पाठ्य पुस्तकें भी प्रदान की गईं। ब्लॉक अकबरपुर के अंतर्गत संविलियन विद्यालय अकबरपुर में स्कूल चलो अभियान, नव प्रवेश उत्सव एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष दीपाली गुड्डन सिंह और खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार के द्वारा किया गया।
विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा रैली निकालकर हर बच्चा स्कूल जाए का संदेश दिया गया। नव प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया गया जिससे विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। इस अवसर पर विद्यालय से सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका शहनाज बेगम का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया एवं नव नामांकित विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया, समस्त संकुलों में पुस्तक वितरण कार्यक्रम उत्साह के साथ संपन्न किया गया, वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की कुंजी है तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावकगण एवं समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।



