कानपुर देहात में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के मवई मुक्ता गांव के पास ओवरब्रिज पर शनिवार को सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

- ड्यूटी से लौटते समय मवई मुक्ता ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
- पुलिस कार्यवाही में जुटी
पुखरायां।कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के मवई मुक्ता गांव के पास ओवरब्रिज पर शनिवार को सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।मृतक की पहचान डेरापुर कस्बे के नारायण नगर निवासी संजय तिवारी के 26 वर्षीय पुत्र सत्यम तिवारी के रूप में हुई है।संजय रनियां कस्बा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर डेरापुर वापस जा रहे थे तभी मवई मुक्ता ओवरब्रिज पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में सत्यम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बिहारघाट राजवीर सिंह ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।जहां मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक के पिता संजय तिवारी,मां मीरा देवी,भाई शिवम् तिवारी,बहनें गुड्डन व गोल्डी समेत परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



