कानपुर देहात: पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, अवैध तमंचे के साथ बदमाश गिरफ्तार, वारंटी भी चढ़ा हत्थे; अपराधियों में मचा हड़कंप
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।

कानपुर देहात। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस ने जबरदस्त अभियान छेड़ा हुआ है। बीते सोमवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों को सख्त संदेश दिया है।
अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोगनीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अभियुक्त रिषभ पुत्र दयाशंकर, निवासी वार्ड नं-06, लोहाई मोहल्ला, मूसानगर को गिरफ्तार किया है। रिषभ के पास से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
वहीं, रूरा पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए न्यायालय द्वारा वांछित अभियुक्त पुष्पेन्द्र पुत्र इन्द्रपाल संखवार, निवासी ग्राम नवावपरुवा को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा-144(3) के तहत वसूली वारंट जारी था, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिले में शांति और अमन-चैन बनाए रखने के लिए पुलिस ने असमाजिक तत्वों पर भी नकेल कसी है। धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कुल 08 व्यक्तियों का चालान किया गया है। इसमें रूरा पुलिस ने 03, रनियां पुलिस ने 01, भोगनीपुर पुलिस ने 01, मंगलपुर पुलिस ने 01, रसूलाबाद पुलिस ने 01 और शिवली पुलिस ने 01 व्यक्ति पर कार्रवाई की है।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले के अपराधियों और अराजक तत्वों में खलबली मची हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून का राज कायम रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
ये भी पढ़े: कानपुर देहात: नव कांति समिति ने बुझाई हाजीपुर की प्यास, बोरवेल के शुभारंभ पर ग्रामीणों के चेहरे खिले



