कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत,मां बहन गंभीर, अंतिम संस्कार में जाते समय हुआ हादसा

तेज रप्तार डंपर ने बाइक में मारी टक्कर छह माह पूर्व हुई थी शादी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।सिकंदरा थाना क्षेत्र के सूर्या चौराहे के पास तेज रप्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसकी मां और ममेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।घटना रविवार को उस समय हुई जब जालौन के सिरसाकलार निवासी पंकज यादव अपनी मां कुंती और ममेरी बहन उर्मिला के साथ बाइक से कानपुर देहात के बैजामऊ गांव जा रहे थे।वे अपनी मौसी ढल्लो के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे।तभी सूर्या चौराहे के पास गलत दिशा से आ रहे एक डंपर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद राहगीरों ने सभी घायलों को सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।जहां पर प्राथमिक उपचार के पश्चात उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पंकज ने दम तोड़ दिया।

जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं मां और बहन को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया।मृतक पंकज यादव अपने परिवार में दो बहनों रीमा और सीमा के बीच इकलौता भाई था।उसकी शादी अभी हाल में छह माह पूर्व मूसानगर थाना क्षेत्र के सिंगरसीपुर निवासी संगीता से हुई थी।पंकज की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।परिजनों की तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़े- जालौन: नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा एवं वन अधिकारी सेवा परीक्षा

Related Articles

AD
Back to top button