कानपुर देहात में दर्जी और ब्यूटी पार्लर का बिल्कुल फ्री कोर्स: रहने वाले युवाओं के पास सुनहरा मौका, ऐसे करें आवेदन
जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने 31 मई तक मांगे ऑनलाइन आवेदन, 15 दिनों की ट्रेनिंग में महिलाओं और दिव्यांगों को प्राथमिकता

कानपुर देहात। जनपद के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने एक शानदार पहल की है। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के तहत जनपद कानपुर देहात में निःशुल्क प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अंतर्गत सामान्य जाति के 25 व्यक्तियों को दर्जी (टेलरिंग) और 25 व्यक्तियों को ब्यूटी पार्लर का 15 दिवसीय मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदकों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 45 वर्ष होनी चाहिए। नियम के अनुसार, एक परिवार से केवल एक ही सदस्य इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकता है। इस कार्यक्रम में दिव्यांगों, बीपीएल परिवार के सदस्यों और महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र या ऐसी नगर पंचायतें, जिनकी जनसंख्या वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार 25000 से अधिक न हो, वहां के निवासी इसके पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.upkvib.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कोर कार्ड में निर्धारित 100 अंकों में से न्यूनतम 60 अंक या उससे अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का चयन जिला ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आगे की ट्रेनिंग के लिए मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र कालपी, जालौन के प्राचार्य को पोर्टल पर ऑनलाइन प्रेषित कर दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। योजना से जुड़ी किसी भी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी रनिया स्थित जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढे- न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम और पे स्लिप में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई



