कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

विकास की दहाड़: बिहार में गूंजा ‘यूपी मॉडल’, मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया ‘जंगलराज’ का अंत

NDA की निर्णायक जीत पर बोले प्रतिभा शुक्ला—मोदी की दृष्टि और योगी का सुशासन बनी सफलता की कुंजी

कानपुर देहात: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक और निर्णायक विजय पर उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री और अकबरपुर–रनिया विधायक प्रतिभा शुक्ला ने इसे विकास और सुशासन की जीत बताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सभी NDA कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है।

मंत्री शुक्ला ने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन, महिला सुरक्षा और गरीब कल्याण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए ‘परफॉर्मेंस की राजनीति’ के पक्ष में एकजुट होकर अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।

पीएम मोदी और सीएम योगी की निर्णायक भूमिका

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाओं ने प्रदेश में निर्णायक लहर पैदा की। गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी सटीक रणनीतिक बैठकों से चुनावी माहौल को पूरी तरह NDA के पक्ष में मोड़ा। संगठन को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ प्रबंधन तक मजबूत धार दी।

मंत्री शुक्ला ने यूपी से गए नेताओं के प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभाओं में उमड़े विशाल जनसमूह ने यह साबित कर दिया कि कानून-व्यवस्था और विकास का “यूपी मॉडल” बिहार की जनता को भी विकास और सुरक्षा का विश्वास देता है।

महागठबंधन और अखिलेश पर तीखा हमला

महागठबंधन की करारी हार पर तंज कसते हुए मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि बिहार की जनता ने नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जंगलराज की वापसी अब असंभव है। उन्होंने कहा कि जनता खोखले वादों पर नहीं, बल्कि काम पर वोट देती है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, “जो दल बिहार में जनता का मन नहीं पढ़ पाए, वे 2027 में उत्तर प्रदेश में भी 2017 जैसा प्रचंड जनादेश दोहराते हुए देखेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनका PDA गठबंधन 2027 से पहले ही मानसिक रूप से हार मान चुका है।

जीत को बताया ‘हर परिवार’ की जीत

प्रतिभा शुक्ला ने इस जीत को हर उस परिवार की जीत बताया जो सुरक्षित और विकसित भविष्य चाहता है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में सरकार बिहार की माताओं और बहनों के विश्वास को पूरा करने के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करेगी।


“मोदी जी की राष्ट्र-स्तरीय विकास दृष्टि और योगी जी के मजबूत ‘यूपी मॉडल’ ने बिहार के मतदाताओं के मन में स्पष्ट संदेश दिया कि भविष्य सिर्फ विकास का है। NDA की प्रचंड जीत इसी विकास-विश्वास का परिणाम है।”प्रतिभा शुक्ला, राज्यमंत्री उ०प्र० सरकार

Related Articles

AD
Back to top button