पीएमश्री विद्यालय रेरी में मीना मेला और करियर गाइडेंस कार्यक्रम का हुआ आयोजन
डेरापुर विकासखंड स्थित पीएमश्री संविलियन विद्यालय रेरी में शनिवार को मीना मंच और कैरियर मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया जिसका उद्देश्य छात्राओं में आत्म विश्वास, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। इस मेले के माध्यम से समाज और अभिभावकों को बालिका शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया

- बच्चों ने विज्ञान और गणित के मॉडल और चार्ट किए प्रस्तुत सभी ने की सराहना
कानपुर देहात। डेरापुर विकासखंड स्थित पीएमश्री संविलियन विद्यालय रेरी में शनिवार को मीना मंच और कैरियर मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया जिसका उद्देश्य छात्राओं में आत्म विश्वास, आत्मनिर्भरता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। इस मेले के माध्यम से समाज और अभिभावकों को बालिका शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया गया साथ ही बच्चों को उनके भविष्य निर्माण हेतु कैरियर के बारे में दिशा निर्देशन के साथ उनको कैरियर बनाने के लिए उचित रास्ते बताए गए।

मेले का उद्घाटन राजेंद्र तिवारी भूतपूर्व फौजी और एआरपी डेरापुर हर्ष नागपाल ने किया। इस दौरान छात्राओं ने कई झांकियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किए इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण और बालिकाओं की शिक्षा पर आधारित आकर्षक मॉडल और पोस्टर भी प्रदर्शित किए। भूतपूर्व फौजी राजेंद्र तिवारी और कैरियर गाइड लाइनर प्रांशु ने बच्चों को करियर के संबंध में विस्तृत जानकारी दी साथ ही सुगमकर्ता स्वाति त्रिपाठी और विद्यालय के अध्यापक आशुतोष मिश्रा और सहायक अध्यापक आलोक वर्मा ने भी बच्चों को करियर विकल्प मार्गदर्शन और रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। मेले में आए हुए अतिथियों में ग्राम प्रधान रेखा देवी एवं प्रधान पति रिपुदमन, एसएमसी अध्यक्षा प्रियंका सिंह, एआरपी हर्षा नागपाल, शिव देव सिंह, राजेंद्र तिवारी भूतपूर्व फौजी एवं गौरव मिश्रा आदि ने छात्राओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों को परखा। इन स्टालों पर हस्त निर्मित वस्तुएं खाद्य सामग्री और शैक्षिक पोस्टर प्रदर्शित किए गए थे जिनकी सभी ने सराहना की। अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक चंद्रिका प्रसाद ने छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन सुगमकर्ता स्वाति त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के कई शिक्षक और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सबसे अंत में बच्चों ने गौरव मिश्रा के निर्देशन में आत्मरक्षा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।



