चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से सीधे बने पुलिस अधिकारी, कानपुर देहात के शिवम यादव ने मेहनत से रचा इतिहास
कानपुर जोन में एकमात्र सफलता, लगन और दृढ़ संकल्प से बदला अपना भाग्य

कानपुर देयहट: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में प्रतिभा और कठिन परिश्रम का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। कानपुर देहात में नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवम यादव ने अपनी लगन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सहायक उपनिरीक्षक (मिनिस्ट्रियल) की विभागीय परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली है। विशेष बात यह है कि वे पूरे कानपुर जोन में इस परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति प्राप्त करने वाले एकमात्र कर्मी बने हैं, जिससे उन्होंने न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे जनपद और पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाया है। यह पूरी प्रक्रिया पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाई जा रही कर्मियों के आत्मविकास एवं कैरियर उन्नयन प्रोत्साहन नीति के अनुरूप है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कंधों पर लगाए स्टार, दीं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पुलिस कार्यालय में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शिवम यादव के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें इस नई जिम्मेदारी और पदोन्नति की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उनके समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यनिष्ठा की जमकर सराहना की। उन्होंने शिवम यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
विभाग के अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी शिवम की यह अद्भुत सफलता
कानपुर देहात पुलिस परिवार ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए शिवम यादव को हार्दिक बधाई दी है। विभाग का मानना है कि शिवम की यह सफलता अन्य सभी कार्मिकों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत साबित होगी। यह इस बात का जीवंत प्रमाण है कि अगर इंसान के पास दृढ़ इच्छाशक्ति, सतत परिश्रम और सच्ची लगन हो, तो वह विपरीत परिस्थितियों में भी अपने हर बड़े लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है।



