कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: मकान गणना के लिए पहुंचे प्रगणकों का अनोखा सम्मान, भीषण गर्मी में समाज को दिया बड़ा संदेश

रूरा के तिगाईं में जनगणना सुपरवाइजर के घर पहुंचे प्रगणकों का बुके देकर अभिनंदन, अंतरराष्ट्रीय विजेता शान्या ने साझा किए तनाव प्रबंधन के गुर।

रुरा: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में इन दिनों सूर्य देवता के तीखे तेवर और लगभग 46 डिग्री सेल्सियस तापमान की भीषण हीट वेव चल रही है। ऐसे मौसम में जब लोग घरों से निकलने में भी कतरा रहे हैं, तब राष्ट्र निर्माण और भविष्य संवारने के दोहरे दायित्व को निभाते हुए कर्मचारी मुस्तैदी से मैदान में डटे हैं। इन कर्मचारियों के कंधों पर एक तरफ जनगणना मकान गणना कार्य को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ विद्यालयों में नामांकन संवर्धन का महत्वपूर्ण दायित्व भी है, ताकि कोई भी बच्चा स्कूल आने से न छूटे। इसके साथ ही डेढ़ वर्ष के भीतर टीईटी पास करने का मानसिक दबाव भी इन पर बना हुआ है। इस चौतरफा मानसिक तनाव और भीषण गर्मी के बीच यदि समाज में इन कर्मचारियों को थोड़ा सा सम्मान और अपनत्व मिल जाए, तो वह किसी अमृत से कम नहीं होता।

ऐसा ही एक बेहद प्रेरक और सकारात्मक नजारा रूरा के समीप तिगाईं में देखने को मिला। यहां जनगणना सुपरवाइजर नवीन कुमार दीक्षित के घर पर जनगणना प्रगणक गरिमा श्रीवास्तव और उनके पति अजय श्रीवास्तव मकान गणना के कार्य से पहुंचे। इस दौरान नवीन कुमार दीक्षित और तीन अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शान्या ने खुद तैयार किया हुआ खूबसूरत बुके (गुलदस्ता) भेंट कर प्रगणकों का आदरपूर्वक अभिनंदन किया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी स्वगणना कर लिए जाने की जानकारी भी टीम को उपलब्ध कराई।

इस खास मुलाकात के दौरान तनाव प्रबंधन पर विशेष चर्चा हुई। नेपाल और भूटान जैसे देशों से अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली शान्या ने प्रधानमंत्री के उस प्रेरक वक्तव्य को याद किया, जिसमें उन्होंने ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात की है। शान्या ने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्वयं साझा किया था कि उन्होंने पालिएना बुक से तनाव से निपटना सीखा था। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि जीवन की कठिन परीक्षाओं के दबाव से बचने, तनाव से निपटने और समग्र कल्याण के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत होनी चाहिए।

इस आत्मीय स्वागत और सम्मान से उत्साहित होकर उपस्थित जनगणना कर्मियों ने टीईटी की तैयारी, हीट वेव की चुनौतियों और छात्रों के नामांकन संवर्धन के साथ-साथ राष्ट्र के इस अति महत्वपूर्ण जनगणना कार्य को समय पर पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता को सहर्ष व्यक्त किया। यह अनूठी पहल इस बात का प्रमाण है कि यदि समाज आगे आकर काम करने वालों का मनोबल बढ़ाए, तो कठिन से कठिन लक्ष्य को भी सुगमता से हासिल किया जा सकता है।


ये भी पढे-  जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य जारी


Related Articles

AD
Back to top button