हाईवे लूटकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार! मोबाइल, नकदी बरामद; UPI से भी उड़ाए थे रुपये

सिकंदरा। जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिकंदरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पहिया वाहन से आकर हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक और शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी हसनैन उर्फ कैश (निवासी कालपी, जालौन) के कब्जे से लूटे गए रुपयों में से ₹800 नगद और पीड़ित का लूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, बीती 18 जून को डेरापुर निवासी मोहम्मद तालिब की तहरीर पर पुलिस ने उर्स मेले से लौटते समय मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटने तथा जबरन यूपीआई (UPI) पिन लेकर खाते से ₹7,300 ट्रांसफर करने के मामले में मु0अ0सं0 108/2026 दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी हसनैन को सूर्या फ्लाईओवर के नीचे बने यात्री प्रतीक्षालय से धर दबोचा। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों अभिनय खन्ना (पूर्व में गिरफ्तार), राजा और असद उर्फ बाबा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने और लूटी गई रकम को परिजनों के बैंक खातों के जरिए ठिकाने लगाने की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है और शेष फरार अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी है।



